जमुई की घटना बेहद शर्मनाक, दोषियों को मिले ऐसी सजा जो बने नजीर : मुकेश सहनी
बिहार के पूर्व मंत्री व वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने जमुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए एक शर्मसार घटना बताया है। वहीं उन्होंने आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है......
Patna : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने जमुई में हुई घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत शर्मनाक और पूरे बिहार को शर्मसार करने वाला बताया है। सहनी ने कहा कि एक सभ्य समाज में इस प्रकार की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता और दोषियों के खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए।
'सम्राट चौधरी के गृह क्षेत्र में ऐसी घटना होना बेहद शर्मनाक'
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि जमुई, लखीसराय और मुंगेर जैसे जिले मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में आते हैं। ऐसे क्षेत्र में इस तरह की घटना का घटित होना बेहद शर्मिंदगी की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय प्रशासन को इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए बिना विलंब के सख्त कदम उठाने चाहिए।
दोषियों को मिले ऐसी सजा कि भविष्य में कोई दुस्साहस न करे
वीआईपी प्रमुख ने मांग की कि घटना में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत ऐसी कठोर सजा दी जाए, जिससे भविष्य में कोई भी इस प्रकार का अपराध करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सरकार एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
'केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं, शीघ्र न्याय जरूरी'
मुकेश सहनी ने बल देकर कहा कि किसी घटना के घटित होने के बाद केवल जांच या कार्रवाई की घोषणा कर देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि फास्ट ट्रैक कोर्ट या त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के जरिए दोषियों को शीघ्र सजा मिलना जरूरी है। इससे पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा मिलेगा और समाज का कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता शांति, सुरक्षा और सम्मान के साथ जीना चाहती है, इसलिए सरकार को पूरी संवेदनशीलता के साथ अपराधियों पर सख्त नकेल कसनी होगी।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट