पटना में पुलिस पर हमला करने वाले 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार, शराब पकड़ने गई टीम पर किया था हमला

attack on police in Patna
attack on police in Patna- फोटो : news4nation

Bihar Crime News :  पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। बाढ़-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई त्वरित कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। 


जानकारी के अनुसार, 28 मई की शाम उत्पाद थाना बाढ़ की टीम बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गांव में अवैध शराब बरामदगी को लेकर छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने तीन लोगों को नशे की हालत में पकड़कर पूछताछ शुरू की। इसी बीच पकड़े गए लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जुट गए।


आरोप है कि भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया और पकड़े गए लोगों को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान उत्पाद विभाग की एक बोलेरो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टीम के सदस्य वाहन चालक कन्हैया कुमार, उत्पाद सिपाही आदित्य राज और संजय कुमार घायल हो गए।


घटना के बाद उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक निर्जन कुमार के बयान पर बख्तियारपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामचंद्र पासवान उर्फ रामानंद पासवान और कन्हैया कुमार के रूप में हुई है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रशासन ने साफ कहा है कि सरकारी टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रविशंकर की रिपोर्ट