Bihar News : इंस्टाग्राम फ्रेंड के बुलावे पर तीनों किशोरियां पश्चिम बंगाल से पहुंची पटना, जीआरपी ने पकड़ा, परिजनों के किया हवाले
Bihar News : पश्चिम बंगाल की रानीगंज की रहने वाली तीन किशोरी परिजनों को बिना बताए ट्रेन से पटना आ गईं। लेकिन पटना जंक्शन पर पुलिस ने तीनों को पकड लिया.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार की राजधानी में राजकीय रेल पुलिस (GRP) की तत्परता से एक बड़ा अनर्थ होने से बच गया। पश्चिम बंगाल के रानीगंज की रहने वाली तीन किशोरियां अपने परिजनों को बिना कुछ बताए ट्रेन पकड़कर रविवार को पटना पहुंच गईं। पटना जंक्शन पर भटकने के दौरान जब रेल पुलिस की नजर उन पर पड़ी, तो संदेह के आधार पर उनसे पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के रानीगंज इलाके की रहने वाली ये तीनों किशोरियां आपस में गहरी सहेलियां हैं और एक ही स्कूल की छात्राएं हैं। उनका घर भी रानीगंज में आस-पास ही है। बताया जाता है कि कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए उनकी दोस्ती पटना की रहने वाली एक अन्य लड़की से हुई थी। सोशल मीडिया पर बढ़ी इस दोस्ती के बाद पटना वाली सहेली ने इन तीनों को मिलने के लिए पटना आमंत्रित किया था।
इंस्टाग्राम फ्रेंड के बुलावे पर तीनों किशोरियां इतनी उत्साहित हो गईं कि उन्होंने अपने माता-पिता या परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। वे तीनों अपने घरों से चुपचाप निकलीं और वर्धमान रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां से ट्रेन पकड़कर रविवार की सुबह पटना जंक्शन पहुंच गईं। हालांकि, उनके पास पटना वाली सहेली का न तो कोई सटीक पता था और न ही कोई संपर्क सूत्र, जिसके कारण वे स्टेशन पर ही फंस गईं।
पटना जंक्शन पर उतरने के बाद तीनों लड़कियां गंतव्य का पता न होने के कारण काफी देर तक इधर-उधर भटकती रहीं और काफी परेशान दिखने लगीं। इसी दौरान जंक्शन पर गश्त कर रहे जीआरपी के जवानों को उन पर शक हुआ। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से जब उनसे पूछताछ की गई, तो वे पटना में जाने वाले स्थान का कोई विवरण नहीं दे सकीं। गहनता से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे घर से भागकर यहां आई हैं।
लड़कियों की सुरक्षा को भांपते हुए रेल पुलिस अधिकारियों ने तुरंत उनके द्वारा बताए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर पश्चिम बंगाल में रह रहे उनके परिजनों से संपर्क किया और घटना की पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बच्चियों के माता-पिता के होश उड़ गए और वे तुरंत पटना के लिए रवाना हुए। पटना पहुंचने पर रेल पुलिस ने आवश्यक कागजी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों किशोरियों को सुरक्षित उनके परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। रेल अधिकारियों ने कहा कि जीआरपी की समय पर दिखाई गई सतर्कता के कारण ये लड़कियां किसी गलत गिरोह या गलत हाथों में पड़ने से बच गईं।
अनिल की रिपोर्ट