तिरुपति बालाजी का दर्शन अब बिहार में होगा, पटना के मोकामा में बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर, नीतीश सरकार की बड़ी पहल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार, मोकामा में लगभग 10 एकड़ जमीन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् (TTD), तिरुपति (आंध्र प्रदेश) को मंदिर निर्माण के लिए दी गई है।

Tirupati Balaji temple : बिहारवासियों को अब तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए आंध्र प्रदेश जाने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार ने बड़ी पहल करते हुए पटना जिले के मोकामा में तिरुपति मंदिर निर्माण की घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार, मोकामा में लगभग 10 एकड़ जमीन तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् (TTD), तिरुपति (आंध्र प्रदेश) को मंदिर निर्माण के लिए दी गई है। सम्राट चौधरी ने कहा कि यह कदम न केवल बिहार की सांस्कृतिक धरोहर और सनातन परंपरा को मजबूत करेगा बल्कि मोकामा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा।
रणनीतिक महत्व वाला स्थान
मोकामा पटना जिले की शुरुआत का प्रमुख शहर है और यहां से उत्तर और पूर्वी बिहार का सीधा जुड़ाव होता है। यही कारण है कि यहां मंदिर का निर्माण हजारों श्रद्धालुओं की आस्था को जोड़ देगा। इसके अलावा, बेगूसराय जिले का प्रसिद्ध सिमरिया गंगा घाट मोकामा के सामने स्थित है, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग धार्मिक अनुष्ठानों और पूजाओं के लिए जुटते हैं। तिरुपति बालाजी मंदिर बनने के बाद यह पूरा इलाका धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बन सकता है। स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे बिहार की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ देने वाला कदम बताया है।
सम्राट का ऐलान
सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना के मोकामा में भव्य-दिव्य तिरुपति मंदिर बनेगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर किये अपने एक पोस्ट में बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार मोकामा में तिरुपति मंदिर बनाने के लिए लगभग 10 एकड़ जमीन का तिरुमला तिरुपति देवस्थानम्, तिरुपति, आंध्र प्रदेश के साथ समझौता किया गया है. ये निर्णय बिहार के सांस्कृतिक संवर्धन और सनातन धर्म के लिए बड़ी पहल है। इससे मोकामा शहर में सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटकीय सुविधाएँ भी काफी विकसित होगा, इससे रोजगार की भी वृद्धि होगी।
जदयू प्रवक्ता ने जताई ख़ुशी
जदयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मोकामा वासियों के लिए यह गर्व और आस्था का क्षण है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में मोकामा में भव्य और दिव्य तिरुपति बालाजी मंदिर के निर्माण की घोषणा हुई है। 10 एकड़ भूमि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् को उपलब्ध कराई जाएगी। करोड़ों श्रद्धालुओं को अब बिहार में ही तिरुपति बालाजी के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। इससे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में मोकामा की नई पहचान बनेगी। साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार और व्यवसाय के अवसर मिलेंगे। वहीं यह मन्दिर बिहार की संस्कृति और आस्था का राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विस्तार देगा। यह मंदिर न केवल आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि रोजगार, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र बनेगा।