फतुहा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने 11 वर्षीय छात्र को कुचला, मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर एसएच-106 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों को न्योता देती है।
Road Accident in Patna : पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर के समीप शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 11 वर्षीय किशोर राजवीर कुमार की कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी को लेकर फतुहा-बख्तियारपुर एसएच-106 को जाम कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद तक सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन जारी था और यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, मृतक राजवीर मकसूदपुर निवासी छोटू पासवान का पुत्र था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजवीर किसी काम से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान फतुहा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से बख्तियारपुर की दिशा में फरार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर एसएच-106 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों को न्योता देती है। प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग और वरीय अधिकारियों के मौके पर आने की जिद पर अड़े हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
सूचना मिलते ही फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत सुमन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घंटों बीत जाने के बाद भी पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। तनाव के कारण पुलिस अभी तक शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने में असमर्थ रही है।
थानाध्यक्ष श्रीमंत सुमन ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लोगों को शांत कराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जाम हटवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रजनीश की रिपोर्ट