मोकामा में ट्रेन लुटेरों का शिकार बन रहे यात्री! एक ही दिन पूर्वांचल और अकालतख्त एक्सप्रेस में लाखों की लूट -चोरी, हथियार दिखाकर आभूषण उड़ाया

11 फरवरी को पटना मोकामा रेल खंड पर एक दिन में दो ट्रेनों से लाखों रुपए के आभूषण लूटकर लुटेरे सुरक्षित चलते बने.

train robbers in Mokama
train robbers in Mokama- फोटो : news4nation

Mokama : अगर आप बिहार में ट्रेन से सफर कर रहे हैं और मोकामा के आसपास हों तो खुद की और अपने सामान की सुरक्षा के लिए सतर्क हो जाएं. ऐसा इसलिए क्योंकि ट्रेन लुटेरों का सुरक्षित ठिकाना मोकामा बनता जा रहा है. 11 फरवरी को भी ऐसी ही घटनाएं मोकामा के आसपास हुई जब एक दिन में दो ट्रेनों से लाखों रुपए के आभूषण लूटकर लुटेरे सुरक्षित चलते बने.


पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल के पटना -मोकामा रेल खंड पर हाथीदह रेलवे स्टेशन के निकट लूट की एक घटना 11 फरवरी की देर शाम  हुई. गोरखपुर कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस के बरौनी से खुलने के बाद चार नकाबपोश लुटेरों ने रेल यात्रियों से लूटपाट की. इस संबंध में पीड़ित रेल यात्रियों ने कोलकाता स्टेशन पर लिखित शिकायत दर्ज की. सिवान जिले के हरिहरपुर निवासी  आर के सिंह अपनी पत्नी कुमुद सिंह के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस के बी 9 डब्बे में यात्रा कर रहे थे. उनकी सीट संख्या एक और चार थी. 


दंपत्ति की पुत्री अनुभा सिंह ने बताया कि बरौनी जंक्शन से ट्रेन के खुलने के बाद जब ट्रेन राजेन्द्र सेतु पार की तो थोड़ा आगे बढ़कर ट्रेन की रफ्तार काफी धीमी हो गई.उसी दौरान चार नकाबपोश डब्बे में सवार हुए और उन्होंने पिस्टल दिखाकर पहले कक्ष में सवार छह सात यात्रियों से लूट की.  लुटेरों ने आर के सिंह अपनी पत्नी कुमुद सिंह से सोने की चेन,सोने की अंगूठी और अन्य यात्रियों से भी आभूषण लूट लिए. लुटेरे हथिदह से रामपुर-डुमरा के बीच किसी जगह पर ट्रेन से उतर गए. हालांकि रेल डीएसपी पटना पूर्वी ने मीडिया से बातचीत में अपने क्षेत्र में  पूर्वांचल एक्सप्रेस में इस प्रकार की घटना से होने इंकार किया है.  


अकालतख्त एक्सप्रेस में चोरी 

इसके पहले 11 फरवरी की सुबह 12318,अकालतख्त एक्सप्रेस से लुधियाना से क्यूल जा रही लखीसराय जिले के मानिकपुर निवासी रानी के बैग से बाढ़ और मोकामा रेलवे स्टेशन के बीच उचक्कों ने करीब 65 से 70 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण और 42 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए. उन्होंने रेल थाना मोकामा में लिखित आवेदन दिया है. महिला ने बताया कि कुछ युवक ट्रेन में एसी चेक करने के बहाने घूम रहे थे. इसी दौरान महिला का सामान इधर-उधर कर दिया. बाद में जब महिला ने घर पहुंचकर देखा तो बैग का लॉक टूटा था और आभूषण तथा नकदी गायब था.