Bihar Sport : बिहार के स्कूलों से निकलेंगे भविष्य के क्रिकेटर, मार्च में अंडर-15 स्कूल चैंपियनशिप लीग का होगा आगाज़, 16 टीमें लेगी हिस्सा
Bihar Sport : बिहार में मार्च महीने से अंडर-15 स्कूल चैंपियनशिप लीग का आयोजन किया जायेगा. जिसमें भविष्य के क्रिकेटर की खोज की जाएगी......पढ़िए आगे
PATNA : बिहार के स्कूली क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। “बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग (अंडर-15)” का आयोजन मार्च माह में किया जाएगा। यह टूर्नामेंट राज्य के उभरते हुए युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से पहले ओपन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार भर से बड़ी संख्या में स्कूली खिलाड़ी भाग लेंगे। ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को टीमों में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई जाएगी। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। ट्रायल कि तिथि जल्द घोषित की जाएगी ।
टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह पेशेवर रहेगा। 16 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम लीग चरण में 3 मुकाबले खेलेगी। कुल 27 मैच खेले जाएंगे, जिनमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला शामिल होगा। हर मैच के बाद मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबले में बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज जैसे विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन समिति के सचिव ओपन माइंड बिरला स्कूल के निर्देशक अमित रंजन के अनुसार, इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रासरूट स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें सही मंच देना और भविष्य के लिए तैयार करना है। बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
आयोजन समिति ने सभी स्कूलों, खिलाड़ियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस टूर्नामेंट में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस आयोजन को सफल बनाएं।