Bihar News: सत्ता सुख के लिए जनता को ठगा! बिजली बिल बढ़ते ही एनडीए पर बरसे VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी

Bihar News: उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को पेट्रोल और डीजल पर कर कम करनी चाहिए थी, जिससे जनता को कम मूल्य पर पेट्रोलियम पदार्थ मिल सके, लेकिन उल्टे बिजली महंगी की जा रही है।

मुकेश सहनी
मुकेश सहनी का बड़ा हमला - फोटो : social media

Bihar News: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी ने बिहार में 'पीक आवर' बिजली महंगी करने के फैसले की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए एनडीए ने 125 यूनिट फ्री बिजली का झुनझुना थमाया था और अब पीक आवर के नाम पर फिर से बिजली महंगी कर दी गई।  

‎बिजली बिल बढ़ने पर भड़के सहनी 

‎उन्होंने कहा कि अब बिहार में शाम 11 बजे तक सर्वाधिक खपत वाले 6 घंटे बिजली बिल 8.10 रुपये प्रति यूनिट, रात्रि 11 बजे से सुबह के 9 बजे तक यानी 10 घंटे तक 7.10 रुपये और फिर शेष 8 घंटे 5.94 रुपये प्रति यूनिट जनता की जेब से वसूलेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए को जनता से नहीं, सत्ता सुख से मतलब है। यही कारण है कि चुनाव जीतने के बाद भाजपा  अपने असली रंग में आ गई हैं। 

महंगी बिजली जनता को दोहरी मार  

उन्होंने कहा कि एक ओर रसोई गैस की किल्लत और उस पर बिजली महंगी जनता पर दोहरी मार है। ‎उन्होंने कहा कि जिस तरह एनडीए ने पिछले चुनाव को जीतने के लिए सभी परंपराओं को ताक पर रख दिया था और लोकलाज छोड़कर सत्ता पाई है उसका खामियाजा अब जनता को उठाना पड़ रहा है। सरकार का खजाना खाली हो गया है और अब जनता पर बोझ बढ़ाया जा रहा है।  

पेट्रोल डीजल पर कम करे कर 

‎उन्होंने कहा कि बिहार सरकार को पेट्रोल और डीजल पर कर कम करनी चाहिए थी, जिससे जनता को कम मूल्य पर पेट्रोलियम पदार्थ मिल सके, लेकिन उल्टे बिजली महंगी की जा रही है। ‎वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि मार्च महीने में ही गर्मी पड़ने लगी है। पूरे बिहार में बिजली की कटौती भी शुरू हो गई। शाम में बिजली की कीमत बढ़ाई जाती है तो मुफ्त बिजली देने के फैसले का कोई औचित्य नहीं रह जाता है।