कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला ने खाया जहर, बाढ़ रेल पुलिस की मुस्तैदी से बची जान

कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला ने खाया जहर, बाढ़ रेल पु
जीआरपी ने बचाई महिला यात्री की जान- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित बाढ़ रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में एक महिला यात्री द्वारा जहर खाने की खबर जीआरपी (GRP) को मिली। ट्रेन में मौजूद सह-यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी जानकारी रेल पुलिस को दी।


जीआरपी महिला पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

सूचना मिलते ही जीआरपी की महिला पुलिस कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की। जैसे ही ट्रेन बाढ़ स्टेशन पहुंची, पुलिस ने महिला को आनन-फानन में ट्रेन से नीचे उतारा और अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की त्वरित देखरेख और इलाज के चलते महिला की जान बचा ली गई है।


पति-पत्नी के घरेलू विवाद में उठाया कदम

जीआरपी के उप-निरीक्षक (दरोगा) चक्रपाणि सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला की पहचान खगड़िया जिले के हरिपुर निवासी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। पारिवारिक विवाद के बाद पति-पत्नी के बीच अनबन हुई, जिसके बाद वह खगड़िया स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी। हालांकि, उसे कहां जाना था, इस बारे में उसने कोई जानकारी नहीं दी।


बरौनी के पास खाया था जहर

पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला ने खगड़िया से ट्रेन पकड़ी थी और बरौनी स्टेशन के आसपास जहर खा लिया था। बाढ़ स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तो उसने साथी यात्रियों को बरौनी में जहर खाने की बात बताई। यात्रियों ने तुरंत रेल पुलिस को सतर्क किया, जिससे सही समय पर इलाज मिल सका। फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


रवि शंकर की रिपोर्ट