BiharPolitics : महिला सशक्तिकरण एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : संतोष सुमन

PATNA : हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि महिला सशक्तिकरण एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस तरह से महिलाओं को अधिकार व सम्मान दिया है, वह अतुलनीय है। सुमन ने कहा कि आज बिहार की महिलाएं पूरी एकजुटता से एनडीए के साथ है। इसका नजारा 'महिला संवाद' में साफ तौर पर देखा गया।
कहा की विगत 18 अप्रैल से 20 जून तक सभी जिलों में 70 हजार जगहों पर हुए 'महिला संवाद' कार्यक्रम से 1 करोड़ 56 लाख महिलाएं जुड़ीं और अपनी बातें रखीं। महिलाओं की यह एकजुटता विपक्ष के लिए परेशानी का सबब है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का एनडीए के साथ यह लगाव अकारण नहीं है। एनडीए सरकार ने ही पहली बार 2006 में पंचायती राज संस्थाओं व 2007 में नगर निकायों में उन्हें आरक्षण तथा 2013 से पुलिस की भर्ती में 35 प्रतिशत का आरक्षण दिया।
सुमन ने कहा कि 2016 से महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण एनडीए सरकार की ही देन है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर एनडीए सरकार ने जीविका समूह का गठन किया जिससे जुड़ कर आज लाखों महिलाएं अपना और अपने परिवार का भविष्य संवार रही हैं।