Bihar News : पूर्णिया में सेब के जूस की आड़ में लाई जा रही 1074 लीटर विदेशी शराब जब्त, ट्रक समेत तीन तस्कर हुए गिरफ्तार
Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने सेब के जूस की आड़ में ले जाई जा रही 1074 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
PURNEA : पूर्णिया पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेब के हाइड्रेशन ड्रिंक (जूस) के कार्टन के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही 1074.6 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 10 चक्का ट्रक, 17,820 लीटर सेब का जूस और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि असम से एक बड़ा ट्रक (पंजीकरण संख्या BR01GP6334) अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार में दाखिल हुआ है और इसे समस्तीपुर पहुँचाया जाना है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई और सदर थाना पुलिस ने जीरो माइल शीशाबाड़ी मस्जिद के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
जब पुलिस टीम ने ट्रक में लदे सामान की बारीकी से तलाशी ली, तो ऊपर सेब के हाइड्रेशन ड्रिंक के कार्टन सजे हुए थे, लेकिन उनके पीछे छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की कुल 110 पेटियाँ (1074.6 लीटर) विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही तीनों तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत चकजलाल गांव निवासी मलिक भूषण राय, प्रमोद राय और निलेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सेब के जूस के कुल 1100 कार्टन (17,820 लीटर) की आड़ में इस बड़े सिंडिकेट का संचालन किया जा रहा था। फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि असम में शराब की सप्लाई किसने दी थी और समस्तीपुर में इसे किसे डिलीवर किया जाना था। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालते हुए गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अंकित की रिपोर्ट