Bihar News : बैद्यनाथ धाम से पशुपतिनाथ तक बनेगा कॉरिडोर, सेमीकंडक्टर प्लांट की होगी स्थापना, मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया ऐलान
Bihar News : बिहार में बैद्यनाथ धाम से पशुपतिनाथ तक कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा. साथ ही सेमीकंडक्टर प्लांट की भी स्थापना की जाएगी.....पढ़िए आगे
PURNEA : बिहार सरकार के पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने पूर्णिया में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक और सर्वजन हितकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का 3,47,000 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹30,000 करोड़ अधिक है।
उन्होंने कहा की यह बिहार की बढ़ती आर्थिक शक्ति और विकास की गति को दर्शाता है। इस बजट में कृषि, सड़क और रेलवे के साथ-साथ विशेष रूप से सीमांचल और भारत-नेपाल सीमा पर सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। मंत्री जायसवाल ने बिहार की औद्योगिक क्रांति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में जल्द ही 'सेमीकंडक्टर पॉलिसी' लाई जा रही है। इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए 17 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 15 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बिहार का प्रतिनिधित्व उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ उद्योग मंत्री, आईटी मंत्री और मुख्य सचिव करेंगे, जिससे राज्य में बड़े निवेश के रास्ते खुलेंगे।
संवाददाता सम्मेलन में एक दिलचस्प पहलू रखते हुए मंत्री ने कहा कि नेपाल से आने वाला पानी, जो अब तक बाढ़ के रूप में तबाही लाता था, अब बिहार के लिए 'वरदान' साबित होगा। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। बिहार सरकार इसी पानी को सेमीकंडक्टर फैक्ट्रियों के माध्यम से उपयोग में लाएगी। देश में सबसे सस्ता पानी बिहार में उपलब्ध होगा, जिससे न केवल औद्योगिक विकास होगा बल्कि बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
बुनियादी ढांचे के विस्तार पर चर्चा करते हुए दिलीप जायसवाल ने घोषणा की कि बिहार सरकार पथ निर्माण और उद्योग के क्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। इसी कड़ी में अध्यात्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'बैद्यनाथ धाम से पशुपतिनाथ कॉरिडोर' का निर्माण किया जाएगा। यह कॉरिडोर न केवल धार्मिक पर्यटन को सुगम बनाएगा बल्कि नेपाल और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों को भी नई मजबूती प्रदान करेगा। अंत में उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य सड़क संपर्क को सुदूर इलाकों तक पहुँचाना है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों का जाल बिछाने से सुरक्षा और व्यापार दोनों में सुधार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट विकसित बिहार की नींव रखने वाला साबित होगा, जहाँ उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर एक साथ प्रगति करेंगे।
अंकित की रिपोर्ट