अपने कार्यालय कक्ष में ही घूस ले रहा था बिजली विभाग का जेई और दो टेक्निशियन, विशेष निगरानी की टीम ने रंगे हाथ दबोचा

अपने कार्यालय कक्ष में ही घूस ले रहा था बिजली विभाग का जेई औ
घूस लेते बिजली विभाग का जेई गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : विशेष बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में विशेष निगरानी की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने पूर्णिया जिले के के०नगर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता (JE) भरत मलिक, तकनीशियन ग्रेड-III पंकज कुमार मेहता और तकनीशियन ग्रेड-III आशुतोष कुमार पांडेय को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।


बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत 

अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, मरंगा थाना क्षेत्र के बखरी कोल गांव निवासी परिवादी राजेश कुमार साह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घर पर बिजली कनेक्शन लगाने के एवज में जेई भरत मलिक द्वारा 20-25 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। SVU द्वारा मामले का सत्यापन कराने पर तकनीशियन पंकज कुमार मेहता के माध्यम से 15,000 रुपये तय किए गए। शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये पहले ही ले लिए गए थे और शेष 10,000 रुपये देने को कहा गया था।


निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर बिछाया गया जाल 

सत्यापन के बाद SVU थाना कांड संख्या 22/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस निरीक्षक अविनाश कुमार झा के नेतृत्व में धावा दल/टीम का गठन कर जाल बिछाया गया।


कार्यालय कक्ष में रिश्वत लेते तीनों आरोपी गिरफ्तार 

के०नगर स्थित जेई के कार्यालय कक्ष में जैसे ही तकनीशियन आशुतोष कुमार पांडेय के माध्यम से शेष 10,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की जा रही थी, टीम ने मौके पर ही तीनों अभियुक्तों को रंगे हाथ दबोच लिया।


पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई जारी 

विशेष निगरानी इकाई ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। SVU अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरफ्तार कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।


रंजीत की रिपोर्ट