Bihar News: जीएमसीएच में इलाज में लापरवाही का आरोप, सड़क पर शव रख परिजनों ने किया हंगामा, रोड जाम के बाद प्रशासन के आश्वासन पर मामला हुआ शांत
Bihar News:सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया...
PURNEA : पूर्णिया के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर रखकर जोरदार हंगामा किया और कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया।
मृतक की पहचान रुपौली निवासी पटेल मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पटेल मंडल अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए अररिया जिले के पटकना जा रहे थे। इसी दौरान रानीगंज के समीप एक ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें पहले रानीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि जीएमसीएच पहुंचने के बाद समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। इसी कथित लापरवाही को लेकर अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा भड़क गया।
परिजनों का आरोप था कि मौत के बाद जब पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई तो पुलिस रात में पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुई। इससे नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और अस्पताल के सामने यातायात बाधित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत और अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। बाद में जिला पदाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर अपने घर रवाना हो गए। वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद अस्पताल की व्यवस्था और दुर्घटना के बाद मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- अंकित कुमार