Bihar News: बिहार के भ्रष्ट असिस्टेंट इंजीनियर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विशेष निगरानी इकाई ने दबोचा
Bihar News: पूर्णिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष निगरानी इकाई पटना ने बिहार शिक्षा परियोजना के एक सहायक अभियंता को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
Bihar News: बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार निगरानी की कार्रवाई जारी है। निगरानी भ्रष्ट अधिकारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर रही है। ताजा मामला पूर्णिया का है। जहां निगरानी ने 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार विशेष निगरानी इकाई पटना ने बिहार शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विद्यालय भवन निर्माण के लिए मांग रहा था रिश्वत
यह कार्रवाई नंदन कुमार झा (ग्राम हेमनगर, थाना सरसी) की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत के अनुसार, उन्होंने डगरूआ प्रखंड के मीनापुर स्थित एक विद्यालय भवन का निर्माण कराया था। जिसके भुगतान के लिए अभियंता द्वारा एमबी वैल्यू का 6 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा था। आरोप है कि अभियंता पहले भी किस्तों में पैसे ले चुके थे और इस बार 10 हजार रुपये की मांग की थी। साथ ही यह भी कहा गया था कि राशि नहीं देने पर एमबी पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे।
रंगे हाथ धराया
शिकायत मिलने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार अभियंता को शुक्रवार को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट