Bihar News : पूर्णिया में मैट्रिक परीक्षार्थी को गोली मारने वाले चार गिरफ्तार, इंस्टाग्राम विवाद बना खूनी रंजिश का कारण

Bihar News : पूर्णिया में मैट्रिक परीक्षार्थी को गोली मारने

PURNEA : जिले के कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघमारा में एक मैट्रिक परीक्षार्थी को गोली मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सेहरावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि पुलिस इस मामले के अन्य कड़ियों को भी जोड़ने में जुटी है।

घटना के पीछे की मुख्य वजह सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) पर उपजा एक मामूली विवाद बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि घायल छात्र दिव्यांशु और मुख्य आरोपी रौनक के बीच इंस्टाग्राम पर एक मैसेज को लेकर पहले से कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश को लेकर रौनक ने पूर्व में भी दिव्यांशु को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी, जो अंततः इस हिंसक वारदात में बदल गई।

वारदात उस समय हुई जब छात्र दिव्यांशु मैट्रिक की परीक्षा देने के लिए बाघमारा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर केंद्र पर पहुंचा था। घात लगाए बैठे रौनक और उसके मित्रों ने उसे निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी। गोली दिव्यांशु के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एसपी सेहरावत ने जानकारी दी कि पुलिस ने न केवल आरोपियों को दबोचा है, बल्कि घटना में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने इन चारों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया। पुलिस इसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई वारदात मान रही है, जिसमें नाबालिगों और युवाओं की संलिप्तता चिंता का विषय है।

पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में सघन छापेमारी कर रही है, जिसने इन युवकों को अवैध हथियार मुहैया कराया था। एसपी ने स्पष्ट किया कि हथियार सप्लायर की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। जिले के परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है ताकि परीक्षार्थी भयमुक्त होकर अपनी परीक्षा दे सकें। 

अंकित की रिपोर्ट