Bihar News : पूर्णिया में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, अंचल अमीन को 20 हजार रिश्वत लेते किया गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Bihar News : बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर में निगरानी की टीम ने सरकारी अंचल अमीन प्रमोद उरांव को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया......पढ़िए आगे

Bihar News : पूर्णिया में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, अंचल
अंचल अमीन गिरफ्तार - फोटो : ANKIT

PURNEA : बिहार के पूर्णिया जिले के भवानीपुर में निगरानी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी अंचल अमीन प्रमोद उरांव को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी प्रखंड कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार के पास स्थित एक स्थानीय दुकान से की गई, जहाँ अमीन शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार कर रहा था।

मामले की जानकारी के अनुसार, माधवनगर क्षेत्र के निवासी विलास साह ने अपनी जमीन की सरकारी मापी कराने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि जमीन मापी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और रिपोर्ट तैयार करने के बदले सरकारी अमीन प्रमोद उरांव ने उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर पीड़ित विलास साह ने इस मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले की गुप्त जांच कराई और आरोपों का सत्यापन सही पाए जाने के बाद आरोपी अमीन को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक विशेष रणनीति और जाल बिछाया।

योजना के तहत गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता विलास साह ने अमीन प्रमोद उरांव को प्रखंड कार्यालय के पास स्थित दुकान में तय रकम 20 हजार रुपये सौंपे, वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए गए।

निगरानी विभाग की टीम आरोपी अमीन को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी टीम की इस अचानक और त्वरित कार्रवाई से स्थानीय अंचल कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। 

अंकित की रिपोर्ट