Bihar News : पूर्णिया में हथियार लहराना युवक को पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार, देशी बंदूक और कट्टा किया बरामद

Bihar News : पूर्णिया में सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

Bihar News : पूर्णिया में हथियार लहराना युवक को पड़ा महंगा, प
हथियार लहराना पड़ा महंगा - फोटो : ANKIT

PURNEA : सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। जानकीनगर थाना क्षेत्र से वायरल फोटो के आधार पर पुलिस ने 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर एक देशी 315 बोर की बंदूक और एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।

मामला 13 सितंबर का है, जब सोशल मीडिया पर एक युवक की हथियार के साथ तस्वीर तेजी से वायरल हुई थी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर बनमनखी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान सुशांत कुमार (24 वर्ष), पिता बाबुलू यादव, निवासी बेलाचांदपुर, थाना बनमनखी के रूप में की।

पहचान स्थापित होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुशांत कुमार को हिरासत में ले लिया। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी D-315 बंदूक, एक देशी कट्टा, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और वायरल फोटो की प्रति जब्त की। इस संबंध में जानकीनगर थाने में आर्म्स एक्ट की प्रासंगिक धाराओं (कांड संख्या 293/26) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान इस मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पता लगा रही है कि आरोपी के पास ये गैर-कानूनी हथियार कहां से आए और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सख्त रुख बरकरार रहेगा।

अंकित की रिपोर्ट