पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 मवेशियों के साथ पांच तस्करों को किया गिरफ्तार
पूर्णिया पशु तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जलालगढ़ थाना क्षेत्र से क्रूरतापूर्वक लादे गए 17 मवेशियों को बरामद किया है.....
Purnia : जिले की पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जलालगढ़ थाना क्षेत्र से क्रूरतापूर्वक लादे गए 17 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से पांच पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जलालगढ़ थाना पुलिस और डीआईयू (DIU) की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुआ गठन
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर पिकअप और मैजिक वाहन पर मवेशियों को लादकर ले जा रहे हैं। इस सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जलालगढ़ थाना क्षेत्र के डनसार पुल के पास सघन वाहन जांच के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक और तस्कर भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़कर दबोच लिया।
क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे थे मवेशी, शरीर पर मिले चोट के निशान
वाहनों की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन से 7 गाय और 2 बछड़े, जबकि मैजिक वाहन से अन्य मवेशियों (कुल 7 गाय, 2 बछड़ा और 8 बैल) समेत कुल 17 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मवेशियों को बहुत ही बेदर्दी और क्रूरता के साथ रस्सियों से बांधा गया था, और कुछ पशुओं के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।
नकद रुपये, मोबाइल और वाहन जब्त; पांचों आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने तस्करों के पास से 81,030 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप और मैजिक वाहन को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शाहबुद्दीन, ताहिर, शाहबुद्दीन, मोहम्मद मुस्लिम और शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अंकित की रिपोर्ट