नशा मुक्त भारत अभियान: नॉर्थ ईस्ट से गुजरात तक निकली राष्ट्रीय एकता बाइकर्स रैली पूर्णिया पहुंची, डीएम और एसएसपी ने किया स्वागत

नशा मुक्त भारत अभियान: नॉर्थ ईस्ट से गुजरात तक निकली राष्ट्र
पूर्णिया पहुंची राष्ट्रीय एकता बाइकर्स रैली का भव्य स्वागत- फोटो : अंकित कुमार

Purnia : 'नशा मुक्त भारत अभियान' की थीम के साथ नॉर्थ ईस्ट से गुजरात के लिए रवाना हुई राष्ट्रीय एकता बाइकर्स अभियान की टीम कल शाम पूर्णिया पहुँची। आज सुबह 'सेवेन सिस्टर्स' (पूर्वोत्तर के सातों राज्यों) के 62 सदस्यीय दल और पूर्णिया के स्थानीय पुलिस बाइकर्स की संयुक्त टीम ने माफा पेट्रोल पंप से मरंगा, जीरो माइल, गुलाबबाग, लाइन बाजार और आर.एन. साहा चौक होते हुए एक विशाल बाइक रैली निकाली। 


यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए प्रेक्षागृह पहुंची, जहां जिला पदाधिकारी (डीएम) अंशुल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर नशा मुक्ति विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक सहित कई आकर्षक सांस्कृतिक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर गुजरात में होगा समापन

जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि यह बाइकर्स टीम 'नशा मुक्त भारत अभियान' का संदेश लेकर विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए गुजरात पहुंचेगी। वहां सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में यह टीम शामिल होगी। वहीं, एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने जानकारी दी कि आज की इस बाइक रैली में पूर्वोत्तर के सातों राज्यों के पुलिस बाइकर्स के साथ पूर्णिया पुलिस के जवान भी कंधे से कंधا मिलाकर शामिल हुए।


बेगूसराय और बनारस के रास्ते गुजरात की ओर बढ़ेगा कारवाँ

पूर्णिया में अपने कार्यक्रम के बाद यह बाइकर्स टीम आज ही बेगूसराय के लिए रवाना होगी। इसके आगे की यात्रा में वाराणसी (बनारस) पहुँचने पर इसमें बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश की पुलिस व अन्य टीमें भी जुड़ेंगी। आयोजकों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर समेत सभी सात पूर्वोत्तर राज्यों के कुल 62 प्रतिभागियों की यह टीम गत 6 अक्टूबर को अपनी इस लंबी यात्रा पर निकली थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को नशे की बुरी आदतों से दूर रखना और समाज में 'नशा मुक्त भारत' का सशक्त संदेश प्रसारित करना है।


अंकित की रिपोर्ट