Bihar News : पूर्णिया में पिकअप पर लोड शराब की बड़ी खेप पुलिस ने किया बरामद, मौके से दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : पूर्णिया पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 590 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : पूर्णिया में पिकअप पर लोड शराब की बड़ी खेप पुलिस
विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद - फोटो : ANKIT

PURNEA : पूर्णिया पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 590 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक शराब तस्करी में मदद करने वाला चालक और दूसरा मद्य निषेध विभाग का कर्मचारी बताया जा रहा है। दरअसल, 8 अगस्त 2026 की शाम पूर्णिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डालकोला चेकपोस्ट पर तैनात एक कर्मचारी की मिलीभगत से शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। 

सूचना के आधार पर जिला आसूचना इकाई और मद्य निषेध विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी दल ने बायसी थाना क्षेत्र के बायसी दुर्गा मंदिर के पास वाहनों की जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में लदी 54 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 590.120 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक मो. हुसैन, निवासी कटिहार और चेकपोस्ट पर स्कैनर मशीन चलाने वाले मद्यनिषेध विभाग के कर्मचारी रंजन कुमार, निवासी सारण को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि मद्यनिषेध विभाग का कर्मचारी रंजन कुमार डालकोला चेकपोस्ट पर स्कैनर मशीन चलाता था और उसकी मिलीभगत से शराब लदी पिकअप गाड़ी को बायसी की तरफ पास कराया गया था। पुलिस ने शराब के अलावा एक पिकअप वाहन और चार चक्के वाहन भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूर्णिया पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

अंकित की रिपोर्ट