Purnea News: पूर्णिया में बवाल, जमीन विवाद शांत कराने गई पुलिस पर आदिवासियों का हमला, दारोगा समेत कई घायल

बिहार के पूर्णिया (धमदाहा) में जमीन विवाद को लेकर आदिवासियों के दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें एसआई अमरेंद्र झा समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ह

Dhamdaha Purnea Land Dispute
जमीन विवाद को लेकर आदिवासियों के दो गुटों में हिंसक झड़प- फोटो : Reporter

पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के ढोकवा मोड अंडी टोला में जमीन विवाद को लेकर आदिवासियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद की मुख्य वजह जमीन पर कब्जे को लेकर थी, जहां एक पीड़ित महिला के अनुसार उसने गांव में सात-आठ कट्ठा जमीन खरीदी थी, लेकिन गांव के ही कुछ लोग उसे उस जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे थे। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आज बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए और एक-दूसरे पर अचानक हमला बोल दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला और पथराव

घटना की जानकारी मिलते ही जब स्थानीय पुलिस की टीम दोनों गुटों को शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंची, तो उग्र लोगों ने पुलिस टीम को ही निशाना बना लिया। उपद्रवियों ने पुलिस बल पर पीछे से अचानक पथराव करना शुरू कर दिया और सरकारी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हिंसक हमले में धमदाहा थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) अमरेंद्र झा समेत तीन पुलिसकर्मी और दोनों गुटों के करीब आधा दर्जन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।


भारी पुलिस बल की तैनाती और हालात पर नियंत्रण

पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही अनुमंडल में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धमदाहा के एसडीपीओ (SDPO) संदीप कुमार गोल्डी और बनमनखी के एसडीपीओ शैलेश प्रीतम भारी पुलिस बल और कई थानों के थाना प्रभारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उग्र भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को पूरी तरह अपने नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।


घायलों का अस्पताल में इलाज और कानूनी कार्रवाई की तैयारी

इस हिंसक झड़प और पथराव में घायल हुए सब-इंस्पेक्टर, दोनों पुलिसकर्मियों और घायल ग्रामीणों को तुरंत इलाज के लिए धमदाहा अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए धमदाहा एसडीपीओ संदीप कुमार गोल्डी ने कहा कि पुलिस टीम पर पीछे से पथराव किया गया था, जिसमें कुछ कर्मी चोटिल हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल हालात पूरी तरह काबू में हैं और पुलिस घटना की गहन जांच कर उपद्रवियों को चिह्नित कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई करने में जुट गई है।

रिपोर्ट - अंकित