Bihar News: पूर्णिया ने रचा इतिहास, नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में देशभर में नंबर-1, कृषि क्षेत्र में लहराया परचम

Bihar News: देश के 112 आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग में पूर्णिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कृषि क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है।

Purnea Tops NITI Aayog Delta Rankings Nationwide
पूर्णिया ने रचा इतिहास- फोटो : reporter

Bihar News: पूर्णिया जिले ने विकास की नई इबारत लिखते हुए पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। देश के 112 आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग में पूर्णिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कृषि क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जिला प्रशासन से लेकर आम लोगों तक खुशी की लहर दौड़ गई है। पूर्णिया का यह प्रदर्शन विकास, नवाचार और बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा प्रत्येक तीन महीने पर आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग जारी की जाती है। जनवरी से मार्च 2026 की पहली तिमाही की रैंकिंग में पूर्णिया ने कृषि क्षेत्र में पूरे देश के 112 आकांक्षी जिलों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। वहीं हेल्थ एंड न्यूट्रिशन श्रेणी में भी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान प्राप्त किया है।

डीएम ने बताया कि इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नीति आयोग की ओर से पूर्णिया को 3 से 5 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, विद्यालयों के विकास, शिक्षा, पोषण, नवाचार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं पर किया जाएगा, ताकि विकास की रफ्तार और तेज हो सके।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि जिले के सभी सरकारी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सामूहिक मेहनत का नतीजा है। खेती-किसानी से जुड़े नवाचार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासन की सतत निगरानी ने पूर्णिया को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

पूर्णिया की यह उपलब्धि न सिर्फ जिले बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। इससे यह साबित हुआ है कि बेहतर योजना, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसहभागिता के बल पर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा सकते हैं। अब उम्मीद जताई जा रही है कि प्रोत्साहन राशि के सदुपयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी तथा पूर्णिया विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

रिपोर्ट- अंकित कुमार