Bihar News:काली पूजा मेला- 70 साल की परंपरा, महिला पहलवानों के दंगल में देशभर के पहलवानों की टक्कर, अगले साल मिलेगा राजकीय दर्जा!

Bihar News: पूर्णिया में आस्था, शक्ति और रोमांच का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जहां काली पूजा के भव्य आयोजन ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। ...

Bihar News:काली पूजा मेला- 70 साल की परंपरा, महिला पहलवानों
काली पूजा मेला- फोटो : reporter

Bihar News:  पूर्णिया में आस्था, शक्ति और रोमांच का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जहां काली पूजा के भव्य आयोजन ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।  पूर्णिया  मधुबनी में पिछले 70 वर्षों से चली आ रही काली पूजा की परंपरा इस बार भी पूरे शानो-शौकत और धूमधाम के साथ निभाई जा रही है। पांच दिवसीय काली मेला श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है। भव्य पंडाल, शानदार सजावट और मां काली के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए लोगों की भारी दिलचस्पी देखने को मिल रही है।

लेकिन इस मेले की सबसे बड़ी सनसनी सिर्फ मां काली की पूजा और भव्य सजावट नहीं है। यहां आयोजित होने वाली महिला और पुरुष दंगल प्रतियोगिता ने मेले को एक अलग ही पहचान दे दी है। अखाड़े में जबरदस्त मुकाबले, पहलवानों की ताकत और जीत के लिए जोरदार संघर्ष दर्शकों में रोमांच पैदा कर रहा है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों से पहुंचे पहलवान अपनी कुश्ती का दमखम दिखा रहे हैं। खास बात यह है कि महिला पहलवान भी अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।

इस बीच मधुबनी काली पूजा को लेकर एक बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक घोषणा भी सामने आई है। बिहार सरकार के भू-राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने ऐलान किया है कि अगले साल से मधुबनी की इस ऐतिहासिक काली पूजा को राजकीय सूची में शामिल करने की पहल की जाएगी। इसके बाद यहां सरकारी स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस घोषणा से आयोजन समिति और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

काली पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज यादव और सदस्य मनोज पासवान के मुताबिक, इस धार्मिक आयोजन की परंपरा करीब सात दशक पुरानी है। इस बार बंगाली रीति-रिवाज और विधि-विधान के अनुसार भव्य पंडाल तैयार कराया गया है। बंगाल से आए कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।मेले में तरह-तरह के झूले, मनोरंजन के साधन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां चार चांद लगा रही हैं। कुल मिलाकर पूर्णिया का मधुबनी काली मेला आस्था, परंपरा, शक्ति प्रदर्शन और मनोरंजन का ऐसा संगम बन गया है, जिसकी गूंज अब सरकारी पहचान तक पहुंचने वाली है।

रिपोर्ट- अंकित कुमार