गश्ती दल की तत्परता से दबोचा गया मोबाइल छिनतई का बदमाश, पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पूर्णिया के कसबा में मोबाइल छिनतई की वारदात के बाद गश्ती दल ने एक आरोपी को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से दो मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक बरामद हुई है, जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।

purnia kasba crime mobile snatching arrest
पूर्णिया के कसबा में मोबाइल छिनतई का आरोपी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पूर्णिया के कसबा में मोबाइल छिनतई करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गश्ती के दौरान संदिग्ध अवस्था में दिखने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और आरोपी को खदेड़कर दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।


शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक से हुई थी छिनतई

यह घटना 19 नवंबर को कसबा थाना क्षेत्र के लीची बागान के समीप हुई थी। पीड़ित प्रकाश कुमार शादी का कार्ड देने जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और वहां से फरार हो गए।


केस दर्ज कर पुलिस ने तेज की घेराबंदी

वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर कसबा थाना में कांड संख्या 497/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी क्रम में गश्ती दल की नजर संदिग्ध युवकों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा।


आरोपी की पहचान और बरामद सामान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की निवासी 23 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।


पुराना आपराधिक इतिहास और फरार साथी की तलाश

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनीष कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2024 में कसबा थाना (कांड संख्या 197/24) तथा सदर थाना (कांड संख्या 725/24) में मामले दर्ज हैं। घटना में शामिल दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


विशेष टीम की कार्रवाई और सख्त संदेश

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एसडीपीओ सदर-2 डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में यह सफलता मिली। इस टीम में थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, विनेश कुमार और निरज कुमार शामिल थे; पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पूर्णिया से अंकित कुमार की रिपोर्ट