Bihar News : पूर्णिया पुलिस ने कुख्यात स्मैक तस्कर मोहम्मद तनवीर को किया गिरफ्तार, 14 लाख से अधिक नगद किया जब्त
Bihar News : पूर्णिया के सदर थाना और गुलाबबाग ओपी पुलिस ने स्मैक तस्कर मोहम्मद तनवीर के पास से 16 ग्राम स्मैक और 3,95,000 रुपए बरामद किया है.....पढ़िए आगे
PURNEA : बिहार के पूर्णिया जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पूर्णिया के सदर थाना और गुलाबबाग ओपी की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात स्मैक तस्कर मोहम्मद तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 16 ग्राम स्मैक और 3,95,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा, उसके बैंक खातों की छानबीन करने पर उसमें 11 लाख रुपये और मिलने की पुष्टि हुई है, जिन्हें सीज कर दिया गया है। इस प्रकार पुलिस ने कुल करीब 14 लाख रुपये की राशि जब्त की है।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से गुप्त सूचना मिल रही थी कि मोहम्मद तनवीर इलाके में बड़े पैमाने पर स्मैक की तस्करी का अवैध कारोबार चला रहा है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से स्मैक के साथ-साथ 3 लाख 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
चल-अचल संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू
एसडीपीओ ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए अर्जित की गई अवैध संपत्ति पर भी प्रशासन का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। तस्कर मोहम्मद तनवीर के बैंक खातों में मिले 11 लाख रुपये को जब्त करने के साथ-साथ उसकी अन्य चल और अचल संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है, जिन्हें नियमानुसार जब्त करने की कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके तार कहां-कहां जुड़े हैं।
अंकित की रिपोर्ट