Bihar News : मवेशी तस्करी के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, रात के अंधेरे में छापेमारी कर 30 भैंसें किया बरामद, तस्करों से हुई झड़प

Bihar News : मवेशी तस्करी के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने की बड़ी

PURNEA : बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित बायसी पुलिस को मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे-31 के पास डंगराह ओपी अंतर्गत बंगड़ोरा गांव में छापेमारी कर 30 भैंसों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है।

रात के अंधेरे में बांग्लादेश भेजने की थी तैयारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तस्करों की योजना इन मवेशियों को रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बंगाल सीमा के रास्ते बांग्लादेश भेजने की थी। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में बायसी पुलिस और डंगराह ओपी की टीम ने बंगड़ोरा गांव में घेराबंदी की। पुलिस को देख मौके पर हड़कंप मच गया।

पुलिस को करना पड़ा भारी विरोध का सामना

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को मवेशी तस्करों और उनके समर्थकों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। तस्करों ने पुलिस की कार्रवाई को बाधित करने की कोशिश की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसी आपाधापी और अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर कुछ मवेशियों को वहां से भगाने में सफल रहे, हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 30 भैंसों को जब्त कर लिया।

कार्रवाई और FIR दर्ज

बायसी पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए मवेशियों की संख्या और अधिक हो सकती थी, लेकिन भौगोलिक स्थिति और रात के समय के कारण तस्कर कुछ पशुओं को लेकर भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त कई तस्करों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का बयान: "मवेशी तस्करी के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए बॉर्डर इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।"

अंकित की रिपोर्ट