सूरज बिहारी की हत्या का बदला लेने के लिए रची थी साजिश! पूर्णिया पुलिस ने खोला शुभम कुशवाहा कांड का राज

रज बिहारी हत्याकांड के प्रतिशोध में रची गई थी पूरी साजिश। पूर्णिया पुलिस की विशेष टीम ने असम से दबोचे दो पेशेवर शूटर, हथियार और कारतूस बरामद।एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेसवार्ता में किया बड़ा पर्दाफाश। सूरज बिहारी के भाई ने रची थी साजिश

Purnia Police Solved Shubham Kushwaha Case
पूर्णिया में बहुचर्चित शुभम कुशवाहा हत्याकांड का खुलासा- फोटो : Reporter

पूर्णिया पुलिस ने बहुचर्चित शुभम कुशवाहा गोलीकांड का पर्दाफाश करते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने असम से दो पेशेवर शूटरों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि यह वारदात पुरानी रंजिश और प्रतिशोध का नतीजा थी। पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुए चर्चित सूरज बिहारी हत्याकांड का बदला लेने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी और हत्या को अंजाम देने के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।


सूरज बिहारी के भाई ने रची थी प्रतिशोध की साजिश

पुलिस अनुसंधान में यह बात स्पष्ट हुई है कि नेवालाल चौक के पास मारे गए सूरज बिहारी के भाई उदय बिहारी ने ही शुभम कुशवाहा की हत्या की योजना बनाई थी। सूरज बिहारी हत्याकांड में शुभम की भूमिका को लेकर उदय बिहारी के मन में रंजिश थी, जिसके तहत उसने सुपारी किलर का सहारा लिया। उदय बिहारी ने 6 लाख रुपये का सौदा तय कर शूटरों को इस आपराधिक वारदात की जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य मददगारों की भी पहचान कर रही है।


असम से दबोचे गए दो पेशेवर शूटर, हथियार और कारतूस बरामद

वारदात के बाद फरार चल रहे दो मुख्य शूटरों को पूर्णिया पुलिस की विशेष टीम ने असम से गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो अन्य सह-अभियुक्तों को स्थानीय स्तर पर दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में दो आरोपी मधेपुरा जिले के और दो पूर्णिया जिले के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


24 जुलाई को नेवालाल चौक पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

उल्लेखनीय है कि बीते 24 जुलाई को नेवालाल चौक के पास छह सशस्त्र अपराधियों ने वार्ड पार्षद रेखा देवी के पुत्र शुभम कुशवाहा और उनके मामा सागर को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां मार दी थीं। इस जानलेवा हमले में शुभम और उनके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि घायल शुभम कुशवाहा का भी पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और उन पर भी कई संगीन मामले दर्ज हैं।


दो आरोपी अब भी फरार, जल्द गिरफ्तारी का दावा

एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि इस कांड में शामिल दो अन्य नामजद आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं। पुलिस की कई टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस कप्तान ने आश्वासन दिया है कि फरार अपराधियों को भी जल्द ही कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा। पूर्णिया पुलिस की इस त्वरित और अंतरराज्यीय कार्रवाई से जिले के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

पूर्णिया से अंकित की रिपोर्ट