Purnia Crime: बिहार में बच्चा चोर की अफवाह ने ली जान! खंभे से बांधकर युवक को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत
Purnia Crime: पूर्णिया के कसबा में बच्चा चोर की अफवाह में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने कई लोगों पर केस दर्ज किया।
Purnia Crime: पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह ने एक व्यक्ति की जान ले ली। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना में ग्रामीणों ने एक अज्ञात व्यक्ति को बच्चा चोर समझकर बुरी तरह पीट दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह मामला मोहनी पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित फूलबड़िया कॉलोनी गांव का है। गांव के रहने वाले रखल मंडल ने बताया कि रविवार रात उनका 3 साल का पोता सूरज कुमार उनके साथ बरामदे में सो रहा था। देर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर जाने लगा। तभी उनकी नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया।आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और उस व्यक्ति को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई।
घटना की सूचना मिलने पर कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।अब तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आरोपियों को पुलिस ने लिया हिरासत में
कसबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के रखल मंडल और उनके बेटे शंभू कुमार मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पुलिस अधिकारी के बयान पर कई नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।