Bihar News : पूर्णिया में खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग और पुलिस ने कसा शिकंजा, एक ट्रक अवैध डीएपी खाद किया जब्त, गोदाम होगा सील
Bihar News : पूर्णिया में मुख्तार खाद बीज भंडार में छापेमारी कर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बेबी कुमारी और मुफस्सिल थाना की पुलिस ने कालाबाजारी कर लाये गए एक ट्रक अवैध डीएपी खाद जप्त किया।
PURNEA : राज्य में एक ओर जहां किसान फसलों के लिए खाद की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ मुनाफाखोर और बिचौलिए इसकी कालाबाजारी में जुटे हैं। इसी क्रम में पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उचितपुर चौक स्थित 'मुख्तार खाद बीज भंडार' पर कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान कालाबाजारी के लिए लाया गया एक ट्रक अवैध डीएपी (DAP) खाद जब्त किया गया है।
गुप्त सूचना पर कृषि पदाधिकारी ने की छापेमारी
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बेबी कुमारी ने बताया कि अवैध रूप से खाद की खेप पहुंचाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस के साथ मिलकर उचितपुर चौक पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखते ही ट्रक ड्राइवर, खलासी और दुकान के प्रोपराइटर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
पश्चिम बंगाल के दालकोला से लाया गया था खाद
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त किया गया डीएपी खाद पश्चिम बंगाल के दालकोला से अवैध रूप से लाया गया था। इस खेप से जुड़ा कोई भी वैध चालान या कागजात मौके पर पेश नहीं किया जा सका। पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने ट्रक से कुल 505 बोरा अवैध डीएपी खाद जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।
स्टॉक का मिलान जारी, गोदाम होगा सील
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने आगे बताया कि दुकान के गोदाम में भी काफी मात्रा में खाद रखी हुई है। फिलहाल आधिकारिक स्टॉक पंजी और उपलब्ध खाद का मिलान किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही दुकान और गोदाम को सील करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार प्रोपराइटर और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है। पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है ताकि प्रोपराइटर और ट्रक चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
अंकित की रिपोर्ट