Bihar News : पूर्णिया के बायसी में दर्दनाक हादसा, धार में डूबने से दो बहनों की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Bihar News : पूर्णिया में आज एक दर्दनाक हादसा हुआ। जहां बायसी थाना के मल्हरिया गांव में धार में डूबने से दो खास चचरी बहनों की मौत हो गई.....पढ़िए आगे
PURNEA : बिहार के पूर्णिया जिले अंतर्गत बायसी थाना क्षेत्र के मल्हरिया गांव में शनिवार को एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई, जहां धार में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई। मृतका शकीरा और फरीदा अपने गांव की दो अन्य सहेलियों के साथ पशुओं के लिए घास काटने गई थीं। इसी दौरान गहरे पानी की चपेट में आने से दोनों हादसे का शिकार हो गईं। इस घटना के बाद से परिजनों में चीख-पुकार मच गई है और पूरे गांव में गहरा मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चारों लड़कियां एक साथ घास काटने के लिए निकली थीं। जब शकीरा और फरीदा धार पार करते समय अधिक गहराई होने के कारण पानी में डूबने लगीं, तो साथ मौजूद सहेलियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले खोजबीन अभियान के बाद ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शवों को पानी से बाहर निकाला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर हजारों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष वहीदा सरवर और स्थानीय सरपंच मोहम्मद निजाम समेत कई जनप्रतिनिधि सांत्वना देने मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इलाके में पक्की सड़क और पुल-पुलिया की समुचित व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन धार पार करके दूसरी तरफ जाना पड़ता है। इसके कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित होती है। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अविलंब उचित मुआवजा देने की मांग की है।
बेटी को खोने के बाद मृतका फरीदा की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते-बिलखते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बेटियां रोज की तरह हंसते-खेलते घर से घास काटने निकली थीं, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वे अब कभी वापस नहीं लौटेंगी। मां की इस चीत्कार ने मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं। पूरा परिवार इस अप्रत्याशित हादसे से गहरे सदमे में है।
स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस और अंचल अधिकारी की टीम कागजी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई और आपदा प्रबंधन कोष से मिलने वाली अनुग्रह राशि दिलाने में जुट गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवागमन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द से जल्द पुल निर्माण कराने की पुरजोर अपील की है।
अंकित की रिपोर्ट