पूर्णिया में दर्दनाक हादसा, भवेसा धार में नहाने के दौरान डूबने से 3 मासूम बच्चों की मौत

पूर्णिया जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां नदी मे नहाने के दौरान डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई है। घटना के बाद मृतक बच्चों के परिवार मे कोहराम मचा हुआ है.....

पूर्णिया में दर्दनाक हादसा, भवेसा धार में नहाने के दौरान डूब
नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत- फोटो : अंकित कुमार

Purnea : जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदरही बहियार से बुधवार दोपहर एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई। भवेसा धार (नदी) में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे इलाके और पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।


महादलित टोला के निवासी थे तीनों मृत बच्चे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक बच्चे ठाढ़ी राजो पंचायत के वार्ड नंबर 09 स्थित शंकर चौक महादलित टोला के निवासी थे। मृतकों की पहचान मिठानी कुमार, राहुल कुमार और हैप्पी कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक तीनों बच्चे आपस में गहरे दोस्त थे और दोपहर में एक साथ घूमने निकले थे।


ईंट भट्ठा के पास दोपहर 2 बजे घटी घटना, बाहर निकालने तक थम चुकी थीं सांसें

घटना चंदरही ईंट भट्ठा के सामने स्थित भवेसा धार में बुधवार दोपहर करीब दो बजे घटी, जब तीनों बच्चे एक साथ नदी में नहाने उतरे थे। स्नान करने के दौरान वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पानी में कूदकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की सांसें थम चुकी थीं।


घटनास्थल पर पहुंचे एसडीओ और थानाध्यक्ष, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलते ही धमदाहा के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अनुपम और थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने स्थिति का जायजा लेते हुए तीनों बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया।


पीड़ित परिवारों में मचा चीत्कार, प्रशासन ने दी मुआवजे की सांत्वना

इस आकस्मिक घटना के बाद से शंकर चौक महादलित टोला में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता व उचित मुआवजा राशि जल्द से जल्द दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया।


अंकित की रिपोर्ट