Bihar News: सहरसा से लापता 5 नाबालिग लड़कियों का राज खुला, घास काटने निकलीं, ट्रेन पकड़ दिल्ली भागने की थी तैयारी, लखनऊ में पुलिस ने दबोचा
Bihar News:पांच नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी और चिंता का माहौल बन गया था....
Bihar News:सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र से बीते 27 फरवरी 2026 को पांच नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी और चिंता का माहौल बन गया था। खेत में घास काटने निकली इन बच्चियों के रहस्यमय ढंग से गायब होने की खबर फैलते ही परिजनों के बीच हड़कंप मच गया था। परिवार वालों ने तत्काल नवहट्टा थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया और बच्चियों को जल्द से जल्द बरामद करने की गुहार लगाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवहट्टा पुलिस तुरंत हरकत में आई और बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की मुस्तैदी और सतर्कता का ही नतीजा रहा कि महज 24 घंटे के भीतर सभी पांचों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस को सूचना मिली कि बच्चियां ट्रेन के जरिए दिल्ली की ओर जा रही हैं। इस सूचना के आधार पर नवहट्टा पुलिस ने उत्तर प्रदेश की जीआरपी पुलिस से संपर्क किया।
जानकारी के मुताबिक सभी बच्चियां पहले नवहट्टा से निकलकर दरभंगा पहुंचीं और वहां से रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर दिल्ली की तरफ रवाना हो गईं। नवहट्टा पुलिस की सूचना पर लखनऊ जीआरपी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के आशाबाग स्टेशन पर ट्रेन की जांच की। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रही सभी पांचों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद बच्चियों को बाल सुरक्षा गृह में सुरक्षित रखा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के बाद इलाके में राहत की सांस ली गई और परिजनों के चेहरे पर सुकून लौटा।
घटना के खुलासे के बाद अब यह सवाल भी उठने लगा कि आखिर ये पांचों बच्चियां अचानक घर से इतनी दूर जाने के लिए क्यों निकल पड़ीं। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इधर, अपनी बेटियों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने नवहट्टा थाना की पुलिस टीम के प्रति आभार जताया है। परिवार वालों ने थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष रौशन कुमार और एएसआई संजीव कुमार समेत पूरी नवहट्टा पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- छोटू सरकार