भूखमरी के कगार पर आशा कार्यकर्ता, छह महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान, CHC में प्रदर्शन

Asha workers protest at Saharsa
Asha workers protest at Saharsa - फोटो : news4nation

Bihar News : सहरसा जिले के नवहट्टा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं और फैसिलिटेटर कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। लंबे समय से वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।


धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि पिछले छह महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कर्मियों पर काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन इसके अनुरूप न तो वेतन मिलता है और न ही समय पर भुगतान किया जाता है। सरकार की ओर से हर महीने मिलने वाली लगभग तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी नियमित रूप से नहीं दी जाती, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ जाती हैं।


धरने से एक दिन पहले आशा फैसिलिटेटर और संगठन के पदाधिकारियों ने CHC प्रभारी संजीव सिंह और BCM राहुल कुमार को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की जानकारी दी थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर कर्मियों ने धरना शुरू किया। प्रदर्शनकारी आशा एवं फैसिलिटेटर कर्मियों ने सरकार से समय पर वेतन भुगतान, समान कार्य के बदले समान वेतन, प्रोत्साहन राशि को नियमित वेतन का दर्जा देने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन योजना लागू करने की मांग की है।


कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।


छोटू सरकार की रिपोर्ट