Biihar politics - बिहार सरकार के मंत्री को मिली जान से मारने की धमकी, फेसबुक पर लाइव आकर दो युवकों ने गोलियों से भुनने की दी चेतावनी
Biihar politics - बिहार सरकार के मंत्री को गोलियों से भुनने की धमकी मिली है। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Saharsa - बिहार सरकार में पीएचईडी मंत्री व भाजपा नेता नीरज कुमार सिंह बबलू को जान से मारने की धमकी दी गई है। दो दिन पहले फेसबुक लाइव पर आकर दो युवक ने मंत्री को गोलियों से भुनने की धमकी दी है। इसकी पुष्टि खुद नीरज बबलू ने की है।
सहरसा स्थित अपने आवास पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए जानकारी दी। नीरज बबलू ने बताया कि युवकों ने कहा कि वे क्षेत्र में पब्लिक मूवमेंट करेंगे और मंत्री को गोलियों से भून देंगे। इस धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
दोनों युवकों की पहचान में जुटी पुलिस
मंत्री ने तुरंत सुपौल के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी दी। इसके बाद साइबर थाना, सुपौल में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक अररिया जिले का निवासी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
भ्रम फैलाने की साजिश
मंत्री बबलू ने जोर देकर कहा कि प्रशासन अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पूरी मजबूती से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं पाएगा। मंत्री ने यह भी जोड़ा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिशें बढ़ जाती हैं, जिसे उन्होंने विपक्षी ताकतों द्वारा माहौल बिगाड़ने और भ्रम फैलाने की साजिश बताया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस और प्रशासन जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और जनता की सेवा तथा विकास कार्यों के प्रति उनका संकल्प अडिग है।