सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अलग-अलग मामलों के छह आरोपी को दबोचा
Saharsha : जिले के नवहट्टा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवहट्टा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और अवैध ढुलाई में इस्तेमाल हो रहे एक सीएनजी टेम्पू को भी जब्त किया है, जिससे इलाके के अपराधियों और तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पहला मामला: बीएनएस की धाराओं के तहत दो गिरफ्तार
पुलिस की पहली कार्रवाई नवहट्टा थाना कांड संख्या 196/26 के तहत दर्ज मामले में की गई है। इस मामले में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों—जमशेद खान और एहसान खान (दोनों पिता स्व. नूर आलम खां, निवासी नवहट्टा) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत की गई है, जिसमें पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
दूसरा मामला: 10 पीस प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप के साथ एक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई नवहट्टा थाना कांड संख्या 244/26 के अंतर्गत अमल में लाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप कुमार (पिता श्यामसुन्दर यादव, निवासी चंद्रायण) को दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 पीस प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
तीसरा मामला: 33 लीटर अंग्रेजी शराब और सीएनजी टेम्पू के साथ तीन दबोचे
तीसरी कार्रवाई नवहट्टा थाना कांड संख्या 245/26 के तहत की गई। इस मामले में पुलिस ने सुनील पासवान उर्फ कैला, कन्हैया कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 750 एमएल की कुल 44 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 33 लीटर बताई गई है। इसके साथ ही शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक सीएनजी टेम्पू को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप, पुलिस की सख्ती जारी
लगातार हो रही इन पुलिसिया कार्रवाइयों से नवहट्टा क्षेत्र में अवैध कारोबारियों और असामाजिक तत्वों के बीच भारी खलबली मच गई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शराब तस्करी और प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को पूरी तरह कुचलने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा, और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छोटू सरकार की रिपोर्ट