Bihar Police Attack: बिहार में फिर पिटी पुलिस! थानाध्यक्ष को किया लहूलुहान, एक घंटे तक चली हाई वोल्टेज ड्रामा

Bihar Police Attack: बिहार में एक बार फिर पुलिस टीम पर हमले की खबर सामने आई है। मामला सहरसा का है। ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया है। घटना के बाद मौके पर भारी बवाल देखने को मिला।

बिहार पुलिस
थानाध्यक्ष पर हमला - फोटो : social media

Bihar Police Attack: बिहार में इन दिनों पुलिस पर हमले की खबर लगातार सामने आ रही है। इसी बीच सहरसा से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी अनुसार जिले में सोमवार को पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस एक बंधक बनाए गए टेम्पो चालक को छुड़ाने पहुंची थी। तभी अचानक ग्रमीणों ने हमला कर दिया। पथराव की इस घटना में पतरघट थानाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से उनका सिर फट गया, जिसके बाद उन्हें तुरंत पतरघट पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

क्या है मामला 

घटना पतरघट थाना क्षेत्र के जम्हरा बिन टोली गांव की है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एक टेम्पो से किसी व्यक्ति को धक्का लग गया था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने टेम्पो को अपने कब्जे में ले लिया और चालक को बंधक बना लिया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात सामने आई थी।

ग्रामीणों पुलिस में झड़प 

सोमवार को पुलिस टीम चालक को छुड़ाने और स्थिति सामान्य कराने के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान किसी बात को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते झड़प में बदल गई। आरोप है कि भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष घायल हो गए।

एक घंटे तक सड़क को किया जाम 

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मधेपुरा-अतलखा मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और झड़प में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।