Bihar News : निरीक्षण के दौरान शिक्षक बन गए सहरसा डीएम, बच्चों को बोर्ड पर पढ़ाया, पशुपालन अस्पताल में डॉक्टर को गायब देख भड़के

Bihar News : सहरसा जिले में आज जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने राजकीय सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, बराही का विस्तृत निरीक्षण किया.......पढ़िए आगे

Bihar News : निरीक्षण के दौरान शिक्षक बन गए सहरसा डीएम, बच्च
डीएम बन गए शिक्षक - फोटो : CHHOTU SARKAR

SAHARSA : सहरसा जिले में आज जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने राजकीय सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, बराही का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक कामेश्वर सिंह आजाद भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्कूल की आधारभूत व्यवस्थाओं, पठन-पाठन की स्थिति और छात्रों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा विद्यालय प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।

पशुपालन अस्पताल में अव्यवस्था का मुद्दा

विद्यालय निरीक्षण के दौरान ही News4Nation के सहरसा रिपोर्टर छोटू सरकार ने स्थानीय पशुपालन अस्पताल में व्याप्त घोर अव्यवस्था और वहां तैनात डॉक्टर के अक्सर अनुपस्थित रहने का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया। पत्रकार द्वारा उठाए गए इस जनहित से जुड़े विषय को जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल जांच का निर्णय लिया।

अस्पताल पहुंचे डीएम, अनुपस्थित मिले डॉक्टर मृत्युंजय कुमार

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपेश कुमार तुरंत पशुपालन अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। डीएम के अस्पताल पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग के संबंधित चिकित्सक डॉक्टर मृत्युंजय कुमार अपने कर्तव्य से अनुपस्थित पाए गए।

ग्रामीणों ने भी लगाया लापरवाही का आरोप

मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने भी जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और डॉक्टर पर नियमित रूप से अस्पताल नहीं आने का गंभीर आरोप लगाया। ग्रामीणों ने बताया कि चिकित्सक की लगातार अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र के पशुपालकों को अपने मवेशियों के इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम दीपेश कुमार ने पशुपालन विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले की जांच कर लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

छोटू सरकार की रिपोर्ट