Bihar News : सहरसा पुलिस ने अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड का किया खुलासा, स्मैक के बकाया पैसे के विवाद में दोस्त ने ही मारी थी गोली, एक गिरफ्तार

Bihar News : सहरसा पुलिस ने अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपी आर्यन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया की.......पढ़िए आगे

Bihar News : सहरसा पुलिस ने अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड का
अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड का खुलासा- फोटो : CHHOTU SARKAR

SAHARSA : सहरसा के गंगजला वार्ड नंबर 15 स्थित पंचवटी चौक के पास युवक अभिजीत सिंह राजपूत की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आर्यन कुमार सिंह ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने घटना के पीछे स्मैक के बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद की बात बताई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड के उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सहरसा के निर्देशन में एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

पुलिस के अनुसार, मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मामले में नामजद आरोपी आर्यन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आर्यन ने बताया कि वह और मृतक अभिजीत सिंह राजपूत दोस्त थे। दोनों एक जन्मदिन की पार्टी से लौटने के बाद अभिजीत के घर पर ही सोए थे। करीब चार बजे आर्यन की नींद खुली और वह अपने दोस्त मोहित पाठक को लेने गया। पुलिस के अनुसार, आर्यन और मोहित अपने साथ पिस्टल लेकर वापस आए थे। पुलिस का कहना है कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के कारण वहां मौजूद हथियारों की सफाई और पूजा की गई। कुल चार पिस्टल वहां रखे गए थे। इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर स्मैक का सेवन किया। इसी दौरान स्मैक के बकाया पैसे को लेकर अभिजीत और आर्यन के बीच विवाद हो गया। 

पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर अभिजीत ने आर्यन पर गोली चलाई, लेकिन गोली उसे नहीं लगी। इसके बाद आर्यन और मोहित ने कथित तौर पर अभिजीत को बेड पर गिराकर उसके हाथ से पिस्टल छीन ली और उसी हथियार से गोली मार दी। पुलिस के अनुसार मृतक अभिजीत सिंह राजपूत का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसके कथित रूप से नशीले पदार्थ के कारोबार से जुड़े होने की भी बात कही है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आर्यन कुमार सिंह, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह, निवासी बरवानी वार्ड नंबर 8, थाना लोकहा, जिला सुपौल, वर्तमान पता पंचवटी वार्ड नंबर 17, सहरसा के रूप में हुई है। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर जांच कर रही है। एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जल्द ही और भी खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दूसरे आरोपियों और हथियार की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस की आगे की जांच में इस हत्याकांड से जुड़े और कौन-कौन से राज सामने आते हैं।

छोटू सरकार की रिपोर्ट