NEET Result: मढ़ौरा की बेटी अनामिका राज ने नीट में गाड़ा झंडा, 99.44 परसेंटाइल लाकर छपरा का नाम किया रोशन

सारण (छपरा) के मढ़ौरा प्रखंड की अनामिका राज ने NEET परीक्षा में 99.44 परसेंटाइल हासिल कर सफलता प्राप्त किया है. कर्णपुरा गांव की होनहार अनामिका राज ने कोटा में रहकर की कठिन तैयारी। सपना है एक संवेदनशील डॉक्टर बनकर समाज के गरीब और जर

chapra marhaura girl anamika raj qualifies neet
मढ़ौरा की बेटी अनामिका राज ने नीट में गाड़ा झंडा- फोटो : Reporter

"बेटियां अगर ठान लें तो अवसर मिलने पर हर क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच सकती हैं।" इस बात को सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड अंतर्गत कर्णपुरा गांव की बेटी अनामिका राज ने एक बार फिर सच साबित कर दिखाया है। देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मानी जाने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' (NEET) में शानदार सफलता हासिल कर अनामिका ने न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे सारण जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।


शानदार स्कोरकार्ड: जनरल कैटेगरी में मिली 10,830वीं ऑल इंडिया रैंक

अनामिका राज ने इस परीक्षा में अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए 99.44 परसेंटाइल का उत्कृष्ट स्कोर हासिल किया है। इस शानदार प्रदर्शन के बदौलत उन्हें ऑल इंडिया जनरल कैटेगरी में 10,830वीं रैंक प्राप्त हुई है, जबकि ओबीसी (OBC) कैटेगरी में उन्होंने 4,884वीं रैंक हासिल की है। अनामिका की इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी मिलते ही उनके गांव और आस-पास के पूरे इलाके में जश्न का माहौल है।


कोटा में की कठिन तैयारी: माता-पिता और पैक्स अध्यक्ष की भतीजी हैं अनामिका

अनामिका, महमाया मनोज और कुमारी विभा की होनहार पुत्री हैं तथा वे नौतन पैक्स अध्यक्ष दीपक राज की भतीजी भी हैं। अपनी प्रारंभिक और इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई गांव के स्थानीय स्कूल से पूरी करने के बाद अनामिका ने मेडिकल की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा का रुख किया था। कोटा की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने अपने कठिन परिश्रम, कड़े अनुशासन और परिवार के अटूट सहयोग के दम पर पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया है।


सपना हुआ बयां: 'एक संवेदनशील डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना है लक्ष्य'

अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अनामिका राज ने कहा कि उनका एकमात्र सपना एक कुशल, काबिल और संवेदनशील चिकित्सक (डॉक्टर) बनकर समाज के जरूरतमंद और गरीब तबके के लोगों की नि:स्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देते हुए कहा कि परिवार के विश्वास और प्रोत्साहन ने ही उन्हें हर विपरीत परिस्थिति में आगे बढ़ने की ताकत दी।


बधाई देने वालों का लगा तांता: महिला सशक्तिकरण की बनीं मिसाल

अनामिका की इस गौरवमयी सफलता पर बिस्कोमान अध्यक्ष परमात्मा राय, पैक्स अध्यक्ष नागेंद्र राय, पवन सिंह, श्रीभगवान साह और सोनू सिंह सहित जिले के कई गणमान्य सामाजिक व राजनीतिक हस्तियों ने उनके निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे क्षेत्र में अनामिका की इस सफलता को बेटियों की उच्च शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की एक बेहतरीन मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी  की रिपोर्ट