Bihar Road Accident: परीक्षा देकर लौट रही नवविवाहिता को ट्रक ने कुचला, देवर की हालत गंभीर, दो कारीगर भी घायल

Bihar Road Accident:सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।...

Bihar Road Accident
नवविवाहिता को ट्रक ने कुचला- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। एसएच-90 पर खालिसपुर मठिया गांव के समीप अनियंत्रित ट्रक ने बुलेट सवार देवर-भाभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महज दो महीने पहले शादी के बंधन में बंधी रीना देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका देवर रणवीर कुमार सिंह उर्फ मिट्ठू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान स्कूटी से जा रहे दो कारीगर राजेश और जहांगीर भी ट्रक की चपेट में आकर जख्मी हो गए।

जानकारी के अनुसार, रीना देवी बीए की परीक्षा देने छपरा गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह अपने देवर रणवीर के साथ बुलेट से घर लौट रही थी। दोनों खालिसपुर मठिया के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रीना सड़क पर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। स्थानीय युवकों ने पीछा कर ट्रक को बावन के रास्ते अगहरा की ओर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर गौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।

हादसे की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। जिस घर में दो महीने पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां बुधवार को मातम पसरा रहा। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। रीना की सास बहू की मौत की खबर सुनकर बेसुध होकर रोती रहीं।गौरा और नगरा थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन इस मार्ग पर पहले भी हादसों की वजह बन चुके हैं।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी