कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सारण प्रशासन अलर्ट: DM और SSP ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण, SDRF व गोताखोर रहेंगे तैनात

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सारण के डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने प्रमुख गंगा घाटों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, गोताखोर, सीसीटीवी और मेडिकल टीम की तैनाती की जा रही है।

saran-dm-vaibhav-srivastava-ssp-roshan-kumar-inspect-ganga-g
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए DM और SSP ने किया गंगा घाटों का निरीक्षण, SDRF व गोताखोर रहेंगे तैनात- फोटो : Reporter

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सारण जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने जिले के विभिन्न प्रमुख गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं सुविधा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने डोरीगंज स्थित बंगाली बाबा घाट, पहलेजा घाट, सबलपुर घाट, कालीघाट और नौलखा घाट सहित विभिन्न प्रमुख घाटों का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, नदी की स्थिति, नाव परिचालन, सुरक्षा संसाधनों, पहुंच पथों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।


नाव, गोताखोर और एसडीआरएफ की रहेगी तैनाती

डीएम ने सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति और पर्याप्त लाइफ जैकेट रखने का निर्देश दिया। अंचलाधिकारी सोनपुर को प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, गोताखोरों और नाविकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा गया। इसके अलावा एसडीआरएफ की टीमों तथा निजी नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया जा सके। सबलपुर में नाव परिचालन बाधित रखने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर से जानकारी ली। उन्होंने इस संबंध में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर नाव परिचालन पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रतिबंध के बावजूद नाव परिचालन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की भी हिदायत दी गई।


बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट और सीसीटीवी से होगी निगरानी 

घाटों के आसपास अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। भवन निर्माण विभाग को सभी संबंधित घाटों एवं नदी तटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, पहुंच पथों पर आवश्यकतानुसार ड्रॉप गेट लगाने को कहा गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके। सभी प्रमुख घाटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) लगाने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इसके माध्यम से घाटों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकतानुसार श्रद्धालुओं तक त्वरित सूचना पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।


मेडिकल टीम और आपातकालीन उपचार की होगी व्यवस्था

सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी को सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों के साथ मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने को कहा गया, ताकि स्नान के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने अथवा दुर्घटना होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।


ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न घाटों एवं स्थलों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों के योगदान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित स्थल पर समय से योगदान करें। कर्तव्य निर्वहन में किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान डीएम ने कालीघाट के तटवर्ती पैदल पथ का भ्रमण करते हुए नौलखा घाट तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विभिन्न स्थानों पर स्थापित नियंत्रण कक्षों का निरीक्षण कर वहां प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को नाविकों और गोताखोरों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा है, ताकि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें व्यवस्थित एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट