Bihar News: काशी में आस्था की डुबकी बनी आखिरी सफर, गंगा में डूबने से सारण के युवक की मौत, गांव में मचा कोहराम

Bihar News: आस्था की डुबकी लगाने बनारस पहुंचे सारण के मांझी के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। ...

Saran Youth Drowns in Ganga During Kashi Vishwanath Visit
काशी में आस्था की डुबकी बनी आखिरी सफर- फोटो : reporter

Bihar News: आस्था की डुबकी लगाने बनारस पहुंचे सारण के मांझी के एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के कुंअर टोली गांव पहुंची,पूरे गांव में मातम पसर गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक सामान्य माहौल था, वहां चीख- पुकार मच गई।

 परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल हो रहा है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कुंअर टोली गांव निवासी संतोष कुमार शर्मा का पुत्र मनोज शर्मा उर्फ छेदी शर्मा अपने दोस्तों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने बनारस गया था। वहां गंगा स्नान करने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते तेज धार की चपेट में आने से वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। बेटे के डूबने की खबर सुनकर मां- बाप और परिवार के अन्य सदस्य बदहवास हो गए। परिजनों की करुण चीख- पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जिस बेटे को परिवार ने गंगा स्नान के लिए घर से विदा किया था, किसी ने नहीं सोचा था कि उसका यह सफर अंतिम साबित होगा।

 हादसे की खबर फैलते ही कुंअर टोली गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचने लगे। लोगों ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने बताया कि मनोज की मौत की खबर से पूरा गांव स्तब्ध है। कुछ समय पहले तक हंसता- खेलता युवक अचानक हमेशा के लिए खामोश हो गया। सूचना मिलने के बाद गांव में हर तरफ गम का माहौल है। मृतक के परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मां- बाप की आंखों के सामने बेटे की तस्वीर बार- बार घूम रही है। शव को लाने के लिए परिजन बनारस के लिए रवाना हो गए हैं।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र