सीएम सम्राट चौधरी के रोहतास दौरे के दौरान दिखा भावुक नजारा, मां की ममता और वर्दी के फर्ज का दिखा अनोखा संगम

सीएम सम्राट चौधरी के सासाराम दौरे के दौरान कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर तैनात एक महिला सिपाही ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महिला सिपाही अपने एक साल के मासूम बच्चे के साथ मुस्तैदी से डयूटी करती नजर आई......

सीएम सम्राट चौधरी के रोहतास दौरे के दौरान दिखा भावुक नजारा,
मां की ममता और वर्दी के फर्ज का अनोखा संगम- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान प्रवेश द्वार पर तैनात एक महिला सिपाही ने अपनी अनूठी कर्तव्यनिष्ठा से वहाँ मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।


मासूम बच्चे के साथ मुस्तैदी से निभाई ड्यूटी 

महिला सिपाही अपने करीब एक साल के मासूम बच्चे को साथ लेकर पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभा रही थीं। एक तरफ मातृत्व का फर्ज था तो दूसरी तरफ वर्दी की गंभीर जिम्मेदारी। महिला सिपाही कभी बच्चे को गोद में संभालतीं तो कभी उसे पास में रखकर वीआईपी व आम लोगों की आवाजाही पर पैनी नजर बनाए रखतीं। उन्होंने बच्चे की देखभाल के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में रत्ती भर भी ढिलाई नहीं होने दी।


‘जवाबदेही तो जवाबदेही होती है’ - महिला सिपाही 

जब उनसे इस दोहरी जिम्मेदारी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बड़ी सहजता से कहा, "जवाबदेही तो जवाबदेही होती है। इसमें परेशानी की कोई बात नहीं है। कार्यक्रम में हजारों लोग पहुंचे हैं, ऐसे में सुरक्षा संभालना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है और मैं इसे पूरी निष्ठा से निभा रही हूँ।"


कामकाजी महिलाओं के हौसले और कर्तव्यनिष्ठा की बनी मिसाल 

कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य काफी भावुक करने वाला और प्रेरणादायी था। एक ओर माँ की ममता और दूसरी ओर खाकी वर्दी का अनुशासन — दोनों के बीच बेहतरीन संतुलन बिठाती इस महिला सिपाही की तस्वीर सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गई। यह वाकया कामकाजी महिलाओं के समर्पण, जज्बे और कर्तव्यनिष्ठा की एक सशक्त मिसाल पेश करता है।


रंजन की रिपोर्ट