सासाराम में पिता के बाद अब दादा ने पोते को मारी गोली : गंभीर हालत में वाराणसी रेफर, आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

रोहतास जिले में दो दिन के अंदर पारिवारिक विवाद में अपने परिजनों को गोली मारने की दो घटना सामने आई है। दो दिन पहले जहां एक पिता ने मामूली विवाद में अपने बेटे को गोली दी थी, वही आज शुक्रवार को एक दादा ने पोते को गोली मारकर वैसी ही घटना को अंजाम दिया.

सासाराम में पिता के बाद अब दादा ने पोते को मारी गोली : गंभीर
दादा ने पोते को मारी गोली- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के सासाराम में दो दिन पहले पारिवारिक विवाद में एक पिता ने अपने बेटे को गोली मार दी थी, वहीं अब एक दादा द्वारा पोते को गोली मारने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के नारायणा गांव की है, जहां घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली पारिवारिक कहासुनी और विवाद में दादा ने अपने ही पोते को गोली मार दी। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। वारदात की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।


घायल पोता वाराणसी रेफरस्थिति खतरे से बाहर 

गोलीबारी की इस घटना में पोता मृत्युंजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए चेनारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (यूपी) रेफर कर दिया। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों ने घायल मृत्युंजय की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।


आरोपी दादा गिरफ्तारदेसी कट्टा व राइफल बरामद 

वारदात की सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी दादा इंद्रदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक राइफल, 10 जिंदा कारतूस, कई छर्रे की गोलियां और खोखा बरामद किया है। पुलिस ने सभी अवैध हथियारों और कारतूसों को जब्त कर लिया है।


त्वरित कार्रवाई पर बोले SDPO-1 विप्लव कुमार 

मामले की पुष्टि करते हुए सासाराम के एसडीपीओ-1 (SDPO) विप्लव कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही त्वरित नेटवर्किंग और रणनीतिक कार्रवाई करते हुए आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिश्तों के कत्ल से सामाजिक स्तर पर बढ़ी चिंता 

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही सासाराम के बड्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्रामपुर गांव में भी एक पिता ने अपने ही पुत्र को गोली मार दी थी। महज 48 घंटे के भीतर परिजनों द्वारा ही अपने खून के रिश्ते पर गोली चलाने की इस दूसरी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से समाज में घटते सहनशीलता के स्तर और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


रंजन की रिपोर्ट