Bihar News : रोहतास के जोगिया गांव पहुंचे अजीत तिवारी के समर्थक, 'रणवीर सेना अमर रहे' के लगाए नारे, 16 अगस्त तक पुलिस को दिया अल्टीमेटम
Bihar News : रोहतास के जोगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या और उसके बाद भड़के भीषण उपद्रव का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। आज हज़ारों की संख्या में आरोपी अजीत चौधरी के समर्थक गाँव पहुंचे....पढ़िए आगे
SASARAM : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित जोगिया गांव में 5 अगस्त को हुई मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या और उसके बाद भड़के भीषण उपद्रव का मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद आरोपी अजीत तिवारी के घर पर हुए हमले और आगजनी की घटना का जायजा लेने रविवार को बक्सर और भोजपुर जिले से बड़ी संख्या में उनके शुभचिंतक व समर्थक जोगिया गांव पहुंचे। इस दौरान गांव में भारी जमावड़ा देखा गया और माहौल काफी सरगर्म रहा।
गाँव पहुंचे समर्थकों और युवाओं की भीड़ ने आरोपी अजीत तिवारी के उस मकान व संपत्ति का गहनता से जायजा लिया, जिसे उपद्रव के दौरान उग्र भीड़ ने आग के हवाले कर दिया था। इस दौरे के दौरान घटनास्थल पर मौजूद युवाओं द्वारा प्रतिबंधित संगठन रणवीर सेना और उसके पूर्व प्रमुख रहे 'ब्रह्मेश्वर मुखिया अमर रहे' के जमकर नारे लगाए गए। नारेबाजी की इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 5 अगस्त को जोगिया गांव में चंदेश्वर चौधरी नामक मजदूर की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसका शव अगले दिन पास की नहर से बरामद हुआ था। हत्या का आरोप अजीत तिवारी पर लगा था, जिन्हें बाद में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, हत्या की घटना के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी उपद्रव मचाते हुए आरोपी के घर में लूटपाट की थी और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।
भोजपुर से समर्थकों के साथ पहुंचे युवा नेता मोनू सिंह ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उपद्रवियों द्वारा घर में लूटपाट मचाना, गाड़ियों को फूंकना और पूरे आवास को तहस-नहस कर देना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर अब तक ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
समर्थकों ने स्थानीय पुलिस-प्रशासन को चेतावनी देते हुए स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट में शामिल उपद्रवियों के खिलाफ 16 अगस्त तक सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो क्षेत्र में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
रंजन की रिपोर्ट