सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने ट्रेन से कटकर की खुदकुशी, स्कूल में ही रह गया बैग

Sasaram Teacher Suicide News : सासाराम में प्राथमिक विद्यालय सोनबरसा की शिक्षिका सरस्वती देवी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। स्कूल से लापता होने के बाद मायके के पास मिला शव। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने ट्रेन से कटकर की खुदकुशी, स्कूल

Sasaram - बिहार के सासाराम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान सरस्वती देवी के रूप में हुई है, जो कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सोनबरसा में तैनात थीं. घटना के दिन उनके पति सुनील पासवान ने उन्हें रोजाना की तरह सुबह बाइक से स्कूल छोड़ा था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनके लापता होने की खबर आई.

विद्यालय में मिला बैग, ट्रैक पर मिला शव

स्कूल के अन्य शिक्षकों ने जानकारी दी कि सरस्वती देवी अपना बैग और अन्य सामान विद्यालय में ही छोड़कर कहीं चली गई हैं. काफी खोजबीन के बाद उनका शव डीडीयू-मुगलसराय सासाराम रेलखंड पर स्थित कुमुंह कुम्हऊं स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और विद्यालय के सहकर्मी भी स्तब्ध रह गए.

मायके के समीप ही चुना मौत का रास्ता

मृतक शिक्षिका मूल रूप से कैमूर जिले के बेलाव थाना अंतर्गत बहेरा गांव की रहने वाली थीं, लेकिन उनका मायका रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के किरहिंडी गांव में था. चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने खुदकुशी के लिए अपने मायके के पास स्थित रेलवे ट्रैक को ही चुना. लगभग 52 वर्षीय सरस्वती देवी वर्ष 2007 से ही प्राथमिक विद्यालय सोनबरसा में अपनी सेवा दे रही थीं.

पुलिस और आरपीएफ ने शुरू की जांच


घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ सासाराम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची. आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. शिवसागर थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि एक अनुभवी शिक्षिका ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शिक्षिका के पति सुनील पासवान और अन्य परिजनों का इस घटना के बाद रो-रोकर बुरा हाल है. 1992 में हुई शादी के बाद से ही परिवार में सब कुछ सामान्य लग रहा था, ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि खुदकुशी के असली कारणों का पता लगाया जा सके.

Report - Ranjan kumar