नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद : पहचान में करने में जुटी पुलिस, जांच के लिए बुलाई गई FSL की टीम

नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद : पहचान में करने में जुटी पु
नहर से अज्ञात महिला का शव बरामद- फोटो : रंजन कुमार

Sasaram : रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रसूलपुर रजवाहा में पिपरा जगदलपुर गांव के बीच स्थित एक नहर से पुलिस ने एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की उम्र और पहचान की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


मौके पर पहुंची FSL की टीम 

घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। FSL की टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।


शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान 

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शुरुआती तौर पर देखने से महिला के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या जख्म के निशान नजर नहीं आ रहे हैं। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।


पहचान के लिए 72 घंटे सुरक्षित रखा जाएगा शव 

पुलिस के मुताबिक, नियमानुसार शव की शिनाख्त (पहचान) के लिए उसे अगले 72 घंटों से अधिक समय तक सुरक्षित रखा जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई है, लेकिन अब तक महिला के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।


आसपास के थानों को भेजा गया अलर्ट 

मृतका की पहचान के लिए करगहर थाना पुलिस ने जिले के अन्य सभी थानों को भी अलर्ट और सूचना भेज दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल-फिलहाल में किसी अन्य थाने में किसी महिला की गुमशुदगी (Missing Report) दर्ज तो नहीं कराई गई है। हुलिए के आधार पर महिला की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।


रंजन की रिपोर्ट