Bihar Police: करंट की चपेट में आए हवलदार, मौत से मचा हड़कंप

Bihar Police:बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) महिला बटालियन सासाराम परिसर में बुधवार सुबह करंट लगने से चालक हवलदार की मौत हो गई।

BSAP Driver Constable Dies
हवलगार की मौत- फोटो : reporter

Bihar Police:बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) महिला बटालियन सासाराम परिसर में बुधवार सुबह करंट लगने से चालक हवलदार की मौत हो गई। हादसे के बाद बटालियन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के भव पोखर गांव निवासी लाल साहब सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि लाल साहब सिंह BSAP महिला बटालियन में चालक हवलदार के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह वह बटालियन परिसर में अपनी सरकारी गाड़ी धो रहे थे। इसी दौरान वाहन की सफाई के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे बिजली के मोटर से प्रवाहित करंट की चपेट में वह आ गए।

करंट लगते ही लाल साहब सिंह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद बटालियन परिसर में मौजूद कर्मियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लाल साहब सिंह कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के भव पोखर गांव के रहने वाले थे और सरकारी सेवा में रहते हुए BSAP महिला बटालियन में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। ड्यूटी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे से बटालियन के सहकर्मियों में भी शोक का माहौल है।

घटना के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बिजली के मोटर से करंट प्रवाहित होने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट-सासाराम से रंजन सिंह राजपूत