Bihar News : सासाराम में बिजली की चिंगारी ने बरपाया कहर, 150 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर हुई राख

Bihar News : रोहतास में बिजली की चिंगारी से 150 बीघा में लगी गेंहूँ की फसल जलकर राख हो गयी. कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया.....पढ़िए आगे

Bihar News : सासाराम में बिजली की चिंगारी ने बरपाया कहर, 150
गेंहूँ की फसल जलकर राख - फोटो : RANJAN

SASARAM : रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलारी गांव में आज भीषण अगलगी की घटना ने किसानों की कमर तोड़ दी है। बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली एक चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 150 बीघा से अधिक क्षेत्र में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना के बाद प्रभावित किसानों के बीच कोहराम मच गया है और उनकी साल भर की मेहनत आंखों के सामने धुआं बन गई।

हाई वोल्टेज तार से निकली थी चिंगारी

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, खेतों के ऊपर से गुजरने वाले हाई वोल्टेज बिजली के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। उससे निकली चिंगारी सूखी फसलों पर जा गिरी। इन दिनों चल रही तेज पछुआ हवा और लू के कारण आग ने बिजली की रफ्तार से फैलना शुरू कर दिया। जब तक किसान कुछ समझ पाते, आग ने आसपास के दर्जनों खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और लहलहाती फसल धू-धू कर जलने लगी।

दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

अगलगी की सूचना मिलते ही शिवसागर थाना की पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन दस्ते ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते दमकल की गाड़ियां नहीं पहुँचती, तो नुकसान का दायरा और भी बड़ा हो सकता था। हालांकि, आग बुझने तक काफी बड़े रकबे में फसल नष्ट हो चुकी थी, जिससे किसानों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान पहुँचा है।

ग्रामीणों ने भी दिखाई बहादुरी

आग की लपटों को देख सिलारी गांव के ग्रामीण भी भारी संख्या में मौके पर जुट गए। प्रशासन के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पंपसेट और अन्य संसाधनों के जरिए आग को आगे फैलने से रोकने की भरपूर कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि गर्म हवाओं के कारण आग पर नियंत्रण पाना बेहद मुश्किल हो रहा था, फिर भी लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आग को अन्य बस्तियों और खेतों तक जाने से रोका।

मुआवजे की मांग कर रहे किसान

इस घटना ने किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। पीड़ित किसानों का कहना है कि फसल कटाई के मुहाने पर थी और उन्हें इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही और शॉर्ट सर्किट ने सबकुछ बर्बाद कर दिया। अब ग्रामीण और पीड़ित किसान जिला प्रशासन से उचित मुआवजे और नुकसान के आकलन की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। 

रंजन की रिपोर्ट